पटना , दिसंबर 14 -- बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितीन नवीन ने कहा कि बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पार्टी संगठन की सामूहिक मेहनत, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प की विजय है।
श्री नवीन ने चुनावी सफलता का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि उन्होंने घर-घर जाकर सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाया, जिसके परिणामस्वरूप जनता का भरपूर समर्थन मिला।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी जीत हासिल करने के बाद श्री नवीन ने पटना के स्काउट और गाइड मैदान में कार्यकर्ता परिवार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया। इस समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता एवं समर्थक उपस्थित हुए। इस दौरान श्री नवीन ने कहा कि यह सम्मान समारोह उसी समर्पण और संघर्ष को नमन करने का एक छोटा सा प्रयास है। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आगे भी जनसेवा, संगठन विस्तार और विकास के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित