बहराइच , फरवरी 08 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में समाजवादी पार्टी ने अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष अनवारुल हसन को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में उनके पद से हटा दिया है।

यह कार्रवाई उस तस्वीर के वायरल होने के बाद की गई, जिसमें वह ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते दिखाई दे रहे थे।

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष रामहर्ष यादव ने बताया कि अनवारुल हसन की गतिविधियों की सूचना पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दी गई थी। इसके उपरांत अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी द्वारा उन्हें जिलाध्यक्ष पद से हटाने का पत्र जारी किया गया।

रामहर्ष यादव ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है तथा शीघ्र ही नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित