रायसेन , दिसंबर 28 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में पारिवारिक विवादों के चलते अजीबो-गरीब और खतरनाक घटनाएं सामने आ रही हैं। बीते दो दिनों में दो अलग-अलग मामलों में पति-पत्नी ने अपनी मांगें मनवाने के लिए पानी की टंकी और हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा किया, जिससे पुलिस और प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

पहली घटना ओबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र के नीमखेड़ा गांव की है, जहां ईंट भट्टे पर मजदूरी करने वाला मोहन नामक युवक पत्नी से विवाद के बाद हाईटेंशन पावर ग्रिड टॉवर पर चढ़ गया। पत्नी के मायके चले जाने से आहत मोहन टॉवर पर चढ़कर पत्नी को बुलाने की मांग करने लगा और कूदने की धमकी देने लगा। सूचना पर भोजपुर चौकी प्रभारी राजू यादव मौके पर पहुंचे। बिजली कंपनी से सप्लाई बंद कराई गई और काफी समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

दूसरी घटना उदयपुरा नगर की है, जहां एक महिला अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला टंकी से कूदने का प्रयास कर रही थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर उदयपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और लंबी समझाइश के बाद महिला और उसके बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

पुलिस पूछताछ में महिला ने पति की प्रताड़ना और पारिवारिक परेशानियों से तंग आकर यह कदम उठाने की बात कही। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित