अलवर , फरवरी 05 -- राजस्थान में भिवाड़ी जिले के खुशखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ठगी करने के आरोप में एक कथित तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक तांत्रिक ने टोना-टोटका और पारिवारिक समस्याओं को दूर करने के बहाने एक कंपनी के कर्मचारी से छह लाख 27 हजार रुपये की ठगी की।

उन्होंने बताया कि भिवाड़ी स्थित एमएनसी कंपनी में कार्यरत उत्तर प्रदेश निवासी संदीप मौर्य काफी समय से पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहा थे। आरोपी मोहम्मद दानिश खान (26) ने संदीप को फोन पर संपर्क करके खुद तांत्रिक बताते हुए परिवार की समस्याओं को दूर करने का दावा किया। शुरू में हवन-पूजन के नाम पर मई 2025 में मात्र पांच हजार रुपये लिये बाद में विभिन्न तरीकों से उसे डराकर छह लाख 27 हजार रुपये ऐंठ लिये। जब उसकी किसी समस्या का हल नहीं हुआ तो उसे संदेह हो गया और उसने पुलिस में मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के व्हाट्सएप चैट, बैंक खाता और अन्य सुरागों के आधार पर दानिश को गिरफ्तार कर लिया ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित