हरिद्वार , फरवरी 25 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने कहा है कि पारदर्शिता और संवाद की संस्कृति को मजबूत किया जाएगा जिससे पुलिस कर्मियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो और जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।

श्री सिंह के पदभार संभालने के बाद पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित सम्मेलन कक्ष में बुधवार को जनपद का पहला सैनिक सम्मेलन आयोजित किया।

सम्मेलन में विभिन्न थानों और इकाइयों से पहुंचे पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं, लेकिन केवल दो समस्याएं सामने आने पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरे जिले में सिर्फ दो सिपाहियों की समस्या सामने आना जमीनी हकीकत से परे है।

एसएसपी ने सभी थाना एवं इकाई प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनपद स्तरीय सैनिक सम्मेलन से पूर्व अपने-अपने कार्यालयों और थानों में कर्मचारियों की गोष्ठी अनिवार्य रूप से आयोजित करें। कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं की जानकारी लेकर गंभीर मामलों से जूझ रहे कार्मिकों को स्वयं सम्मेलन में साथ लाएं, ताकि समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पुलिस बल की मजबूती कर्मचारियों के मनोबल और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण से जुड़ी है।

सम्मेलन के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 35 कर्मियों को ''मैन ऑफ द मंथ'' और ''वुमन ऑफ द मंथ'' के सम्मान से नवाजा गया। इनमें 29 पुरुष पुलिस कर्मी, एक पुरुष होमगार्ड, चार महिला पुलिस कर्मी और एक महिला पीआरडी शामिल रहीं। सभी सम्मानित कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सराहना की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित