जांजगीर-चांपा , फरवरी 04 -- भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी बिलासपुर ने जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त तहसीलदार पामगढ़ करुणा आहेर और चोरभट्टी/उच्चभट्ठी हल्का पटवारी आयुष कुमार ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह रिश्वत धान उपार्जन केंद्र चोरभट्टी के प्रभारी धीरेन्द्र कुमार कौशिक से मांगी गई थी। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में खामियां बताकर उच्च अधिकारियों को नकारात्मक रिपोर्ट न भेजने के एवज में 30 से 40 हजार रुपये की अवैध मांग की गई थी। साथ ही पटवारी आयुष कुमार ध्रुव ने भी अपने हिस्से की राशि की मांग की थी।

मामले की शिकायत एसीबी बिलासपुर में की गई, जिसकी जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को जैसे ही पटवारी आयुष कुमार ध्रुव ने 35 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, मौके पर तैनात एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित