बड़वानी , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल कस्बे में बुधवार को दिनदहाड़े एक व्यवसायी के घर से नगद राशि और गहनों की चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोरी की यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हुई है।

पानसेमल थाना प्रभारी मंसाराम वगेन ने बताया कि कस्बे के व्यवसायी संजय अग्रवाल के घर अज्ञात बदमाशों ने मुख्य गेट का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब ढाई लाख रुपये नकद तथा लगभग तीन लाख पचास हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

उन्होंने बताया कि घटना के समय संजय अग्रवाल अपने परिवार के साथ सेंधवा स्थित अपने भाई के घर गए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से घर का दरवाजा टूटा हुआ देखा। संदेह होने पर वे तुरंत पानसेमल लौटे, जहां घर के अंदर चोरी की पुष्टि हुई।

सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति घर के भीतर घुसते हुए दिखाई दे रहा है, जिसने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 15 मिनट तक घर में रहने के बाद अलमारी से नकदी और जेवर चुराकर बाहर निकल गया। इस दौरान उसका एक साथी घर के बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर माह में पास के ही कस्बे खेतिया में इसी तरह दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई थी, जिसमें शामिल आरोपियों का हुलिया इस वारदात से मेल खा रहा है।

पुलिस अधीक्षक जगदीश डाबर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित