काबुल , दिसंबर 06 -- अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक ज़िले पर एक पाकिस्तानी हमले में चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि चार अन्य घायल हो गये।

पझवोक अफगान समाचार एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले के बाद अफ़गानिस्तान ने भी जवाब दिया। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया कि पाकिस्तान ने शुक्रवार रात को यह हमला किया और यह आधी रात के बाद करीब एक बजे तक जारी रहा।

तालिबान शासन के मुख्य प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शुक्रवार शाम पाकिस्तानी पक्ष ने एक बार फिर कंधार के स्पिन बोल्डक ज़िले पर हमले किये। इसके बाद अफगान सेना ने जवाबी कार्रवाई की। श्री मुजाहिद ने अधिक जानकारी नहीं दी।

पझवोक ने एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में कहा, "पिछली रात कंधार के स्पिन बोल्डक जिले में डूरंड लाइन के करीब अफगान बलों और पाकिस्तानी सेना के बीच झड़प के दौरान पाकिस्तान ने मोर्टार हमले किये, जिसमें चार नागरिक मारे गये, जबकि चार अन्य घायल हो गये।"रिपोर्ट में कहा गया कि यह झड़प रात के 10 बजे वेश, मज़ल गली और लुकमान क्षेत्र में शुरू हुई थी और चार घंटे तक चली। घायलों में एक महिला और एक पुरुष की स्थिति चिंताजनक है और कंधार के मिरवाइस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

उन्होंने कहा कि यह झड़प तब शुरू हुई जब पाकिस्तानी सेना ने अचानक अफगान चौकियों पर हैंड ग्रेनेड फेंके। जिले के मीडिया अधिकारी अली मोहम्मद हकमल ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच सुलह के बाद रात एक बजे लड़ाई रोक दी गयी।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने लगभग दो महीने पहले अफगानिस्तान के एयरस्पेस का भी उल्लंघन किया था और कई इलाकों में हमले किये थे। इसके बाद अफगान बलों ने जवाबी हमले किये थे।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बाद काबुल और इस्लामाबाद के बीच एक बार कतर में और दो बार तुर्की में बातचीत हुई, लेकिन इसका कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित