पाकुड़ , मार्च 26 -- झारखंड के पाकुड़ जिले के मंडल कारा में विचाराधीन कैदी संझली हेम्ब्रम ने गुरूवार को आत्महत्या कर ली।

संझली पर हत्या का मामला नगर थाने में दर्ज था। पुलिस ने बीते 17 फरवरी को संझली को न्यायिक हिरासत में भेजा था। मिली जानकारी के मुताबिक हत्यारोपी संझली ने मंडलकारा के बाथरूम में आत्महत्या कर ली। जैसे ही कारा प्रशासन को इसकी जानकारी मिली आनन फानन में संझली को सदर अस्पताल जांच के लिए ले जाया गया जहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर मामले की जानकारी मिलते ही डीसी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, एसडीओ साइमन मरांडी, मंडल कारा पहुंचे। अधिकारियों द्वारा कारा प्रशासन से जुड़े अधिकारियों, कर्मियो के अलावे कई विचाराधीन कैदियों से भी घटना को लेकर आवश्यक पुछताछ की है। जांचोपरांत एसपी निधि द्विवेदी ने पत्रकारों को बताया कि विचाराधीन कैदी संझली द्वारा की गयी आत्महत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मंडलकारा के बाथरूम में विचाराधीन महिला कैदी संझली द्वारा की गयी आत्महत्या को लेकर कारा की सुरक्षा पर कई तरह के सवाल खड़ा हो रहे है। चर्चा यह भी है कि मंडलकारा सीसीटीवी अधिष्ठापित रहने और जवानों एवं जेलर सहित काराधीक्षक की डियुटी रहने के बावजुद एक महिला कैदी ने आखिर आत्महत्या कैसे कर ली। विचाराधीन कैदी संझली सदर प्रखंड के कोलाजोड़ा गांव की रहने वाली है। इसके खिलाफ नगर थाने में कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित