क्वेटा , फरवरी 01 -- पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 40 घंटों में कम से कम 145 ब्लूच लड़ाके मारे गए हैं।

दी एक्सप्रेस ट्रिब्यून के रिपोर्ट के अनुसार, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पूरे प्रांत में खुफिया जानकारी पर आधारित अभियान के दौरान ये लड़ाके मारे गये। उन्होंने कहा कि खुफिया एजेंसियों के पास नियोजित हमलों के बारे में पहले से जानकारी थी, जिसके कारण उत्तर-पूर्वी क्वेटा, पंजगुर और शेरानी सहित अन्य क्षेत्रों में एक दिन पहले ही एहतियाती अभियान शुरू कर दिए गए थे।

यह टिप्पणी बलूचिस्तान में क्वेटा, ग्वादर, कल्लात, खारान, मस्तुंग, पसनी, दलबांदिन, नोशकी, बुलाइदा, टंप, मच सहित कम से कम 16 स्थानों पर हुए सिलसिलेवार समन्वित हमलों के एक दिन बाद आई है। प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन हमलों की जिम्मेदारी ली और इन्हें 'ऑपरेशन हेरोफ' का दूसरा चरण बताया।

बीएलए ने दावा किया कि हिंसा में 84 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए, 18 को जिंदा पकड़ा गया, 30 सरकारी संपत्तियों को नष्ट कर दिया गया या जब्त कर लिया गया और 23 दुश्मन वाहनों में आग लगा दी गई। बीएलए ने यह भी कहा कि उसने केंद्रीय सैन्य मुख्यालय सहित कई दुश्मन चौकियों पर नियंत्रण कर लिया, जिससे कई शहरों में आवाजाही प्रतिबंधित हो गई। सोशल मीडिया पर प्रसारित कई वीडियो में हमलों की पुष्टि हुई।

जबकि दूसरी ओर बलूच मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारे पास खुफिया रिपोर्ट थी कि इसकी योजना बनाई जा रही है, इसलिए हमने एक दिन पहले ही अभियान शुरू कर दिया था। वे इसी तरह के हमले करना चाहते थे, विशेष रूप से क्वेटा के उत्तर-पूर्वी इलाकों में, यही वजह है कि वहां ऐसा कोई हमला नहीं हुआ।"श्री बुगती ने कहा कि प्रांत के अन्य हिस्सों में सुरक्षा बल सतर्क रहे जहां बाद में घटनाएं हुईं। उन्होंने बताया कि 40 घंटे की अवधि में 5,800 से अधिक खुफिया-आधारित अभियान चलाए गए। उन्होंने लड़ाकों पर महिलाओं और बच्चों सहित नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने ग्वादर की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक मोहल्ले में पांच महिलाओं और तीन बच्चों की हत्या कर दी गई, जबकि वे अपनी जान की भीख मांग रहे थे। उन्होंने कहा कि लड़ाकों ने क्वेटा में हमलों के दौरान बच्चों को ढाल के रूप में इस्तेमाल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित