लाहौर , अप्रैल 05 -- पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने हालिया क्षेत्रीय तनाव के बीच पेट्रोलियम उत्पादों पर दी जा रही सब्सिडी के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की।
प्रधानमंत्री कार्यालय पाकिस्तान के अनुसार बैठक में सब्सिडी वितरण की स्थिति के साथ-साथ देश में ईंधन भंडार और खपत के बारे में भी जानकारी दी गई। बैठक में उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार, संघीय मंत्री डॉ. मुसद्दिक मलिक, श्री अताउल्लाह तरार, श्री अली परवेज मलिक, श्री अहद खान चीमा, श्री मुहम्मद औरंगज़ेब, श्री अहसान इकबाल, सुश्री शाज़ा फातिमा ख्वाजा, राज्य मंत्री बिलाल अज़हर कियानी, विशेष सहायक तल्हा बार्कले, श्री तारिक बाजवा, डीजी आईबी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किराए में बढ़ोतरी रोकने के लिए यात्री बसों को प्रति माह 1 लाख रुपये, मिनी बसों और वैगनों (मालवहक वाहन) को 40 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि रोकने के लिए ट्रकों को 70 हजार रुपये, बड़े मालवाहक वाहनों को 80 हजार रुपये और डिलीवरी वैन को 35 हजार रुपये मासिक सब्सिडी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह राशि डिजिटल वॉलेट के माध्यम से दी जा रही है और निर्देश दिया कि सब्सिडी का तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए, जिसकी शुरुआत कल से हो चुकी है।
बैठक में बताया गया कि यह सब्सिडी सोमवार से लागू होनी थी, लेकिन प्रधानमंत्री के विशेष निर्देश पर इसे सप्ताहांत से ही लागू कर दिया गया। इस योजना के लिए सभी प्रांतीय सरकारों ने ट्रकों, बसों और अन्य मालवाहक वाहनों का विवरण संघीय सरकार को उपलब्ध करा दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बलूचिस्तान सरकार ने राष्ट्रीय पैकेज के लिए निर्धारित राशि एकत्र कर ली है, जो सराहनीय है। उन्होंने विशेष रूप से सरफराज बुगती का धन्यवाद किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित