इस्लामाबाद , फरवरी 13 -- पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने बंगलादेश के संसदीय चुनावों में भारी बहुमत हासिल करने और अगली सरकार बनाने का जनादेश मिलने पर बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके नेता तारिक रहमान को बधाई दी है।
श्री जरदारी ने एक बयान में बीएनपी को भारी बहुमत के साथ जिताने पर बंगलादेश की जनता को अपनी शुभकामनाएं दीं हैं।
श्री रहमान के नेतृत्व वाली बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के निर्णायक जीत हासिल करने के साथ ही प्रधानमंत्री बनने का उनका रास्ता साफ हो गया है। द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन में 17 साल के निर्वासन के बाद देश लौटे श्री रहमान ढाका-17 और बोगुरा-6 दोनों सीटों से निर्वाचित हुए हैं।
ढाका-17 में श्री रहमान ने 72,699 मत हासिल किए और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के खालिदुज्जमां को हराया, जिन्हें 68,300 मत मिले। बोगुरा-6 में उन्होंने 2,16,284 मतों के साथ शानदार जीत दर्ज की, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के आबिदुर रहमान सोहेल को 97,626 मत मिले।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 300 सदस्यीय संसद में बीएनपी ने 210 सीटें हासिल की हैं, जमात-ए-इस्लामी और उसके सहयोगियों ने 73 सीटें जीती हैं, जबकि निर्दलीय सांसदों के पास आठ सीटें हैं। 300 सदस्यीय जातीय संसद में साधारण बहुमत के लिए किसी पार्टी या गठबंधन को 151 सीटों की आवश्यकता होती है।
श्री जरदारी ने बंगलादेश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक आकांक्षाओं के लिए पाकिस्तान के समर्थन को दोहराते हुए कहा कि पाकिस्तान व्यापार, रक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और क्षेत्रीय मंचों में सहयोग को मजबूत करने के लिए नयी सरकार के साथ काम करने के लिए उत्सुक है।
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि ढाका में नया राजनीतिक माहौल पूरे क्षेत्र में अधिक संतुलित, स्वतंत्र और पारस्परिक रूप से सम्मानजनक जुड़ाव में योगदान देगा। उन्होंने बंगलादेश की निरंतर स्थिरता, प्रगति और समृद्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी बीएनपी को मिली शानदार जीत पर तारिक रहमान को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में चुनावों के सफल संचालन पर बंगलादेश की जनता को भी बधाई दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित