नयी दिल्ली , फरवरी 13 -- भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का मानना है कि रविवार को कोलंबो में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ होने वाले भारत के महत्वपूर्ण मैच में अभिषेक शर्मा वापसी कर सकते हैं।
पेट में संक्रमण के कारण अभिषेक नामीबिया के ख़िलाफ़ मैच में हिस्सा नहीं ले पाए थे। इससे पहले दिल्ली पहुंचने पर जांच के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती भी होना पड़ा था। हालांकि बाद में वह डिस्चार्ज भी हो गए और नामीबिया के ख़िलाफ मैच से पहले मैदान में भी थे। वहीं विश्व कप में उनका डेब्यू कुछ ख़ास नहीं था था और वह अमेरिका के ख़िलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट हो गए थे।
वरुण ने कहा, "मुझे लगता है वह अगला मैच खेलेंगे। मैं पक्का नहीं कह सकता, लेकिन जितनी मेरी उनसे बात हुई है, वह ठीक लग रहे हैं। उन्होंने आज थोड़ा अभ्यास किया। उन्होंने कहा कि वह वापसी की राह पर हैं।"यह भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव के टॉस के समय दिए गए बयान से ज्यादा सकारात्मक संकेत था। उन्होंने कहा था: "उन्हें एक-दो मैच लग सकते हैं, मुझे नहीं पता।"मैच के बाद अर्शदीप सिंह के एक सोशल मीडिया वीडियो में भी अभिषेक दिखे, जिसमें उन्हें कहते सुना गया कि वह ठीक हैं, लेकिन उनका वजन थोड़ा कम हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित