बैंकॉक , फरवरी 20 -- कप्तान फाहिमा खातून (नाबाद 40) के बाद संजीदा अख़्तर मेघला (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत बंगलादेश ए महिला टीम ने शुक्रवार को महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 54 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। जहां उसका मुकाबला भारत ए महिला टीम से होगा। 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ए महिला टीम के बल्लेबाज बंगलादेशी गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सके उनकी पूरी टीम 16.4 ओवरों में 56 रन पर ढेर हो गई। शवाल ज़ुल्फिकार ने सर्वाधिक 14 रन बनाये। कप्तान हफ्सा खालिद (12) और युसरा आमिर (11) रन बनाकर आउट हुई। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
बंगलादेश के लिए संजीदा अख्तर मेघला ने तीन विकेट लिये। फाहिमा खातून ने दो विकेट लिये। फरजाना यासमीन, फरीहा तृस्ना और फातिमा जहां ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां पाकिस्ता ए महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश ए महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 110 रनों का स्कोर बनाया। कप्तान फाहिमा खातून ने 32 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए नाबाद 40 रनों की पारी खेली। सरमिन सुल्ताना (15), शमीमा सुल्ताना (13) और इश्मा तंजीम ने 12 रनों का योगदान दिया। बंगलादेश के छह बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित