नयी दिल्ली , मई 08 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने पांडव कुमार हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी( भाजपा) सरकार और दिल्ली पुलिस पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, उनकी पार्टी मृतक की अस्थियों के साथ पूरे दिल्ली में कलश यात्रा निकालेगी।

श्री यादव ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी पुलिस अधिकारी को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की। उन्हाेंने कहा कि बिहारी होने के कारण गोली मारकर हत्या किया जाना बेहद शर्मनाक और क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने वाली घटना है। उन्होंने मांग की कि दूसरे राज्यों से रोज़गार के लिए दिल्ली आने वाले लोगों की सुरक्षा हेतु विशेष कानून बनाया जाए।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद पप्पू यादव ने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आती है, इसलिए इस हत्या की जिम्मेदारी केंद्र सरकार को लेनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि 13 दिन बीतने के बावजूद सरकार ने न तो संवेदना व्यक्त की और न ही किसी राहत की घोषणा की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में दिल्ली की कानून व्यवस्था चरमरा गई है और पूर्वांचल के लोगों के साथ लगातार भेदभाव हो रहा है। पार्टी ने पीड़ित परिवार को कानूनी, आर्थिक और मानवीय सहायता देने का भरोसा भी दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित