अजमेर , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में लोकसेवा आयोग राजस्थान की ओर से वर्ष 2022 में आयोजित भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के आरोपी स्कूली व्याख्याता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापक प्रतियोगिता -2022 के दौरान अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने वाला आरोपी व्याख्याता हुक्माराम को पुलिस ने जालौर से गिरफ्तार किया है । पुलिस ने इस पर पांच हजार रुपये का इनाम रखा है।
पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि लोकसेवा आयोग द्वारा आरोपी के विरुद्ध करीब 18 महीने पहले अजमेर सिविल लाइंस पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने इसकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन यह हमेशा पुलिस को चकमा देकर बचता रहा।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हुकमाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में वांछित चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित