रायपुर , मई 04 -- पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
दीपक बैज ने अपने बयान में कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही थी, बल्कि ईडी, सीबीआई चुनाव आयोग, केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री, पूरा मंत्रीमंडल और पुलिस अधिकारी चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने कहा कि ढाई लाख से ज्यादा पुलिस कर्मी और केंद्रीय बलों की तैनाती के बीच चुनाव कराया गया। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बंदूक की नोक पर ममता बनर्जी के हाथ से सत्ता छीनने का काम किया है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने चुनाव परिणाम को अपने पक्ष में करने के लिए उसे हाईजैक किया और यह जीत भाजपा की नहीं बल्कि चुनाव आयोग और सहयोगी टीम की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित