अम्बिकापुर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर में केन्द्रीकृत वार्षिक परीक्षा 2026 के अंतर्गत कक्षा पांचवीं के गणित विषय की परीक्षा जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। यह परीक्षा आज आयोजित की गई, जिसमें जिले भर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 1563 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां परीक्षा का आयोजन कड़ी प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच हुआ। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तर एवं विकासखण्ड स्तर पर गठित विशेष निरीक्षण दलों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा परीक्षा का संचालन पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया।
गणित विषय की इस परीक्षा के लिए कुल 16 हजार 665 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 16 हजार 607 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 58 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा में विद्यार्थियों की उपस्थिति का प्रतिशत संतोषजनक रहा है, जो विभागीय प्रयासों की सफलता को दर्शाता है।
शिक्षा विभाग ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। पेयजल, बिजली, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया था। इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों पर संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
विदित हो कि केन्द्रीकृत वार्षिक परीक्षा के तहत जिले भर में एक समान प्रश्न पत्र पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिससे मूल्यांकन में एकरूपता लाने और शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सराहना की है। अब आगामी विषयों की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित