भोपाल , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र ने आज बुधवार को कक्षा पांचवीं और आठवीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें दोनों कक्षाओं में छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार पांचवीं कक्षा में 95.14 प्रतिशत और आठवीं कक्षा में 93.83 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। पांचवीं में छात्राओं का परिणाम 96.19 प्रतिशत तथा छात्रों का 94.15 प्रतिशत रहा, जबकि आठवीं में छात्राएं 94.98 प्रतिशत और छात्र 92.74 प्रतिशत सफल रहे।

इस वर्ष दोनों कक्षाओं की परीक्षा में कुल 23 लाख 68 हजार 984 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की संख्या शहरी क्षेत्रों की तुलना में अधिक रही। पांचवीं में लगभग 72 प्रतिशत और आठवीं में करीब 69 प्रतिशत विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों से थे।

परीक्षा इस बार बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थी, जिसमें सरकारी, निजी स्कूलों और मदरसों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। फरवरी माह में आयोजित परीक्षा के मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में 322 केंद्र बनाए गए थे, जहां एक लाख से अधिक शिक्षकों ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया।

परिणाम देखने की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए छात्रों और अभिभावकों के लिए ऑनलाइन पोर्टल के साथ क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे सीधे परिणाम देखा जा सकता है।

पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परिणाम में सुधार दर्ज किया गया है। वर्ष 2025 में पांचवीं का परिणाम 92.70 प्रतिशत और आठवीं का 90.02 प्रतिशत रहा था, जो इस वर्ष बढ़कर क्रमशः 95.14 और 93.83 प्रतिशत हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित