चित्तौड़गढ़ , मार्च 09 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर वीरांगनाओं की याद में परम्परागत रुप से होने वाला जौहर स्मृति का मुख्य समारोह चार दशक में पहली बार शहर में आयोजित किया जाएगा।
जौहर स्मृति संस्थान के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह शक्तावत एवं तेजपाल सिंह ने 13 से 15 मार्च तक आयोजित होने वाले जौहर स्मृति समारोह के तीन दिवसीय कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सोमवार को बताया कि प्रथम एवं दूसरे दिन के खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्टेडियम एवं गांधीनगर के जौहर भवन में आयोजित होंगे। तीसरे दिन 15 मार्च का मुख्य समारोह जो चार दशक से भी ज्यादा समय से दुर्ग स्थित फतहप्रकाश महल प्रांगण में होता रहा है, वह इस वर्ष शहर में एक निजी मैदान पर आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि इस बार मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के होने के कारण भारी भीड़ आने की संभावना है जिसकी वजह से दुर्ग पर यातायात व्यवस्था बिगड सकती है। इसलिए मुख्य समारोह नीचे शहर में होगा। इसमें योगी आदित्यनाथ के साथ पूर्व मेवाड़ महाराणा परिवार के अलावा राज्य एवं केंद्र सरकार के मंत्री एवं स्थानीय जन प्रतिनिधि मंचासीन होंगे। इससे पूर्व सुबह राजपूत छात्रावास से भव्य शोभायात्रा दुर्ग स्थित जौहर स्थल तक जाएगी जहाँ मुगलों के आक्रमण के दौरान अपना स्त्रीत्व बचाने के जलती आग में जौहर करने वाली हजारों वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित