नयी दिल्ली , दिसंबर 16 -- मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मंगलवार को जारी नयी सूचियों के मसौदों में पश्चिम बंगाल में 92.40 प्रतिशत, राजस्थान में 92.34 प्रतिशत, पांडिचेरी में 89.87 प्रतिशत, गोवा में 91.56 प्रतिशत और लक्ष्यद्वीप में 97.53 प्रतिशत मतदाताओं के नाम शामिल हो सके हैं जिनके मतदाता गणना फॉर्म अधिकारियों को प्राप्त हुये हैं।
चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर पश्चिम बंगाल और राजस्थान सहित पांच राज्यों सहित केंद्र शासित राज्यों में मतदाता सूची के एसआईआर के अंतर्गत मंगलवार को नयी सूची के मसौदों की रिपोर्ट जारी जारी की।
आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल की पुरानी सूची में कुल 7,66,37,529 मतदाताओं में से 7,08,16,630 करोड़ नाम शामिल किये गये हैं। गणना के दौरान राज्य में 24.16 लाख मतदाता (3.15 प्रतिशत) मृत पाये गये। इसी तरह 32.65 लाख (4.2 प्रतिशत) मतदाता स्थानांतरित या अनुपस्थित पाये गये, जबकि 1.38 लाख मतदाता (0.18 प्रतिशत) एक से अधिक जगह नाम पंजीकृत थे।
राजस्थान में कुल 5,46,56,215 मतदाता में से 5,04,71,396 मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त हुये। राज्य में 8.75 लाख (1.6 प्रतिशत) मतदाता मृत, 29.06 लाख (5.43 प्रतिशत) स्थानांतरित या अनुपस्थित तथा 3.44 लाख (0.63 प्रतिशत) एक से अधिक पंजीकृत पाये गये।
पांडिचेरी में पुरानी सूची के कुल 10,21,578 मतदाताओं में से 9,18,111 मतदाताओं के गणना फॉर्म एकत्रित किये गये। इस केंद्रशासित क्षेत्र में 20,798 (2.04 प्रतिशत) मतदाता मृत पाये गये।
वहां 80,645 (7.89 प्रतिशत) मतदाता स्थनांतरिक अनुपस्थित पाये गये और 2024 (0.20 प्रतिशत) मतदाता एक से अधिक जगह पंजीकृत पाये गये।
गोवा में पुरानी सूची के कुल 11,85,034 मतदाताओं में से 10,84,992 (91.56 प्रतिशत) के गणना फॉर्म प्राप्त किये गये। राज्य में 25,574 (2.16 पतिशत) मतदाता मृत, 72,471 (6.12 प्रतिशत) स्थानांतरित या अनुपस्थित तथा 1,997 (0.17 प्रतिशत) मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगह पंजीकृत पाये गये।
लक्ष्यद्वीप में कुल 57,813 में से 56,384 (97.53 प्रतिशत) मतदाआओं के गणना पत्र प्राप्त हुये है। इस केंद्रशासित क्षेत्र की सूची में 705 (1.22 प्रतिशत), 252(0.43 प्रतिशत) स्थानांतरित या अनुपस्थित तथा 472 (0.82 प्रतिशत) एक से अधिक जगह की सूची में पंजीकृत पाये गये।
आयोग के आदेश के अनुसार बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर मतदाता गणना प्रपत्र पहुंचाए जाने और उन्हें एकत्रित करने के दौर में अनुपस्थित , स्थायी रूप से दूसरे क्षेत्रों में जा चुके , मृत या एक से अधिक जगह की सूची में पंजीकृत डुप्लीकेट लोगों की सूची भी मुख्य चुनाव अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर अलग से अपलोड की गयी है।
मसौदा सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए लोगों के पास आज से 15 जनवरी 2026 तक का समय है। इसके साथ ही मतदाता पंजीकरण अधिकारी प्राप्त मतदाता गणना प्रपत्रों पर नोटिस देने, उस पर सुनवायी तथा निस्तारण का काम शुरू करेंगे यह काम सात फरवरी तक चलेगा।
इन राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों की नयी मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी जो संदर्भ के लिए एक जनवरी 2026 की सूची कही जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित