कोलकाता , अप्रैल 23 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को रिकार्ड 92.07 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
पहले चरण में राज्य की कुल 294 सीटों में से आज 152 के लिए मतदान हुआ। कुछ स्थानों पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की बीच झड़पों , मारपीट तथा कुछ प्रत्याशियों के साथ अभद्रता की शिकायतों को छोड़ कर मतदान के दौरान किसी बड़ी वारदात की शिकायत नहीं है। सुरक्षाकर्मियों ने कुछ लोगों को माहौल बिगाड़ने के आरोप में हिरासत में लिया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्वतंत्रता के बाद राज्य में मतदाताओं की अब तक की सर्वोच्च भागीदारी बताया और इसके लिए उपका आभार जताया है।
राज्य में दूसरे चरण में बाकी 142 सीटों के लिए मतदान 29 अप्रैल को होगा और सभी सीटों की मतगणना चार मई को की जाएगी। पहले चरण का मतदान सम्पन्न होने के साथ 1478 प्रत्याशियों की चुनावी किस्मत इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गयी है।
दक्षिण दिनाजपुर जिले में सबसे अधिक 94.50 प्रतिशत और केलिमपोंग जिले में सबसे कम 82.89 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा अलीपुरद्वार में 90.28 , बांकुरा में 91.34, बीरभूम में 93.37, कूचबिहार में 94.12, दार्जिलिंग में 87.91, जलपाईगुडी में 92.85, झारग्राम में 91.74, मालदा में 91.90, मुर्शिदाबाद में 92.76, पश्चिम बर्धमान में 88.96, पश्चिम मेदिनीपुर में 91.69, पूर्वी मेदिनापुर में 90.19, पुरलिया में 89.26 और उत्तर दिनाजपुर में 91.84 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था। शाम छह बचे तक की निर्धारित अवधि के बाद भी कई मतददान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी हुई थी। भीषण गर्मी के बावजूद करीब करीब सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाता लम्बी कतारों में लगे हुए देखे गये।
बीरभूम जिले में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में कांग्रेस का एक कार्यकर्ता घायल हो गया। दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार के साथ मारपीट के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कूचबिहार , माल्दा, उत्तर दिनाजपुर तथा दार्जिलिंग क्षेत्र से भी कुछ अप्रिय घटनाओं की रिपोर्ट मिली है।
आज के मतदान के लिए कुल 44,378 मतदान केन्द्र बनाये गये । पहले चरण में मतदाताओं की कुल संख्या 3.60 करोड से अधिक थीे जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 465 उभयलिंगी शामिल थे। राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या करीब 6.44 करोड़ है।
मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है । कांग्रेस और वामपंथी दल भी अपनी ताकत आजमा रहे हैं।
इस चरण में जिन सीटों पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है उनमें नंदीग्राम, खड़गपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और झारग्राम सीटें शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये हैं और संवेदनशील इलाकों में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सघन तैनाती की गयी थी।
आयोग ने मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल में कुछ मतदाताओं को कथित तौर पर वोट डालने से रोकने की शिकायत पर रिपोर्ट मांगी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित