कोलकाता , मार्च 15 -- चुनाव आयोग की रविवार की घोषणा के अनुसार जिन जिलों में पहले चरण में मतदान होगा, उनमें दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूच बिहार, उत्तरी दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने आज नयी दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में ऐलान किया कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को कराए जाएंगे। मतगणना 4 मई को होगी।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में 23 अप्रैल को 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में पूरे उत्तर बंगाल क्षेत्र के साथ राज्य के कई अन्य जिलों में भी वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा जंगलमहल क्षेत्र के झारग्राम, पुरुलिया और बांकुरा जिलों में भी पहले चरण में मतदान होगा। साथ ही पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और पश्चिम बर्धमान भी पहले चरण में मतदान करेंगे।

दूसरे चरण में 29 अप्रैल को शेष जिलों-कोलकाता, पूर्व बर्धमान, नादिया, हुगली, हावड़ा, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में मतदान होगा।

चुनाव आयोग ने प्रशासनिक सुविधा के लिए कोलकाता को दो अलग-अलग निर्वाचन जिलों में विभाजित किया है। इस कारण भले ही दूसरे चरण में सात जिलों में मतदान होगा, लेकिन प्रभावी रूप से आठ निर्वाचन जिलों में चुनाव कराए जाएंगे।

गौरतलब है कि राज्य में आखिरी बार 2001 में एक ही चरण में विधानसभा चुनाव हुए थे। जबकि इस बार दो चरणों में चुनाव पहली बार कराए जा रहे हैं। हाल के वर्षों में पश्चिम बंगाल में आमतौर पर कई चरणों में मतदान कराया जाता रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित