कोलकाता , मई 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को कहा कि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आगामी नौ मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा और इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे।
श्री भट्टाचार्य ने यहां संवाददाताओं से कहा, "शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। एक सुचारू और गरिमापूर्ण शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियाँ चल रही हैं, और यह सुनिश्चित करने के लिए कि सब कुछ ठीक रहे, हम प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।"इससे पहले श्री भट्टाचार्य ने, राज्य के लिए भेजे गए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल, ज्योतिर्मय सिंह महतो और सौमित्र खान के साथ मिलकर, मंगलवार शाम को मुख्य सचिव दुष्यंत नारीवाला से मुलाकात की और इस कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
विधायकों की एक बैठक 8 मई को तय की गई है, जहाँ नेतृत्व से शपथ ग्रहण से पहले अहम फैसले लेने की उम्मीद है ।राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अटकलें बढ़ रही हैं, लेकिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया हालाँकि, नबन्ना स्थित राज्य सचिवालय में प्रवेश करने से पहले, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने ज़ोर देकर कहा कि चुनाव के बाद होने वाली हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्होंने पार्टी के उस कड़े रुख को दोहराया, जिसे उन्होंने भाजपा का "तृणमूलीकरण" कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित