कोलकाता , दिसंबर 23 -- पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सुनवाई 27 दिसंबर से शुरू होने वाली है, इसके पहले चुनाव आयोग ने मतदाताओं द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की सत्यापन प्रक्रिया को तेज कर दिया है, जिसमें निवास प्रमाणपत्रों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
यह कदम उन शिकायतों के बाद उठाया गया है जिनमें आरोप लगाया गया कि स्थायी निवास प्रमाणपत्र "मनमाने ढंग से" वितरित किए जा रहे हैं और कई प्राप्तकर्ता भारतीय नागरिक नहीं हो सकते। एसआईआर सुनवाई चरण के दौरान, आवेदकों को चुनाव आयोग द्वारा निर्दिष्ट 11 दस्तावेजों में से कम से कम एक प्रस्तुत करना होगा।
इस सूची में निवास प्रमाणपत्र प्रमुख रूप से शामिल है। हालांकि, सुनवाई शुरू होने से पहले ही आयोग को कई शिकायतें मिली हैं कि ये प्रमाणपत्र बिना उचित सत्यापन के अंधाधुंध जारी किए जा रहे हैं, जिससे मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में इनके दुरुपयोग की आशंका बढ़ गई है।
इन आरोपों के मद्देनजर, पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने राज्य सरकार से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है।सीईओ कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यूनीवार्ता को नाम न छापने की शर्त पर बताया, "मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य से यह स्पष्ट करने को कहा है कि निवास प्रमाण पत्र किस कानून और किस प्रशासनिक अधिकार के तहत जारी किए जा रहे हैं, तथा इसके लिए कौन-से मानदंड अपनाए जा रहे हैं, विशेष रूप से चल रहे एसआईआर की पृष्ठभूमि में।"नियमों के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट और उप-मंडल अधिकारी निवास प्रमाणपत्र जारी करने के लिए अधिकृत हैं लेकिन यह उचित जांच के बाद ही किया जाना चाहिए।
राज्य गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "यदि बाद में निवास (डोमिसाइल) प्रमाणपत्र के लाभार्थी से जुड़ी कोई कानूनी जटिलता उत्पन्न होती है, तो जिम्मेदारी जारी करने वाले अधिकारी पर होगी।"उन्हाेंने कहा, "न केवल निवास प्रमाण पत्रों को लेकर, बल्कि इस बात को लेकर भी शिकायतें चुनाव आयोग तक पहुँची हैं कि नबान्ना के निर्देशों पर काम करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईआ) ने मौखिक रूप से खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को एसआईआर सुनवाई अवधि के दौरान विभिन्न प्रमाण पत्र जारी करने के लिए नगरपालिका और पंचायत कर्मियों को तैयार रखने का निर्देश दिया है।"सीईओ कार्यालय के अधिकारी ने कहा, "चुनाव आयोग ने चेतावनी दी है कि कोई सरकारी अधिकारी यदि जाली प्रमाणपत्र जारी करता हुआ पाया गया, या कोई व्यक्ति फर्जी दस्तावेज जमा करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।"उन्होंने यह भी कहा, "ऐसे अपराधों के लिए सात साल तक की कैद के साथ-साथ आर्थिक दंड का प्रावधान है।"इस बीच, आयोग ने सुनवाई प्रक्रिया की तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसआईआर सुनवाई के लिए नोटिस सोमवार से जारी होने शुरू हो गए हैं।
बूथ लेवल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे ये नोटिस वितरित करें और वितरण का प्रमाण, जिसमें मतदाता के हस्ताक्षर शामिल हों, बीएलओ ऐप पर 'डिलीवरी ऑफ शेड्यूल्ड हियरिंग नोटिस' विकल्प के माध्यम से अपलोड करें।
पहले चरण में, उन 31,68,424 मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं जिनके रिकॉर्ड का 2002 की मतदाता सूची से कोई लिंक नहीं है। इसके बाद, वंश मैपिंग के माध्यम से 'संदिग्ध' पहचाने गए मतदाताओं को सुनवाई के लिए बुलाया जाएगा। सीईओ कार्यालय ने पुष्टि की है कि सुनवाई औपचारिक रूप से 27 दिसंबर से शुरू होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित