कोलकाता , फरवरी 28 -- चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद पश्चिम बंगाल में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन शुरू कर दिया है।

हालांकि अंतिम सूची अभी तक आयोग की वेबसाइट पर अपलोड नहीं की गई है, लेकिन जिला स्तर पर प्रकाशन प्रक्रिया शुरू हो गयी है, और सूची पहले ही जिला प्रशासन तक पहुंच चुकी हैं। सूची जल्द ही ऑनलाइन उपलब्ध होने की उम्मीद है।

सूत्रों ने बताया कि दक्षिण कोलकाता में, इस चरण पर मसौदा मतदाता सूची से 3,207 नाम हटा दिए गए हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीइओ) का कार्यालय शनिवार को शाम करीब चार बजे और जानकारी देने के लिए एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन करेगा।

सीईओ के कार्यालय सूत्रों ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची पहले ही जिला मुख्यालय पहुंच चुकी है और जल्द ही दिखाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि सूची पश्चिम बर्धमान में जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंच चुकी है। बांकुरा में इसे बंगाबिद्यालय मतदान केन्द्र पर दिखाया गया है। कूच बिहार में मतदाता सूची उप-मंडल अधिकारी के कार्यालय और ब्लॉक एक और दो के ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय में लगा दी गई है। सूची हुगली जिले में भी पहुंच गई है।

सूत्रों ने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों को मतदाता सूची की कॉपी देंगे। आयोग के सूत्रों के मुताबिक सूची अभी बीडीओ कार्यालय और उप-मंडल अधिकारी कार्यालय में दिखाई जा रही हैं।

सूत्रों ने बताया कि कोलकाता में अंतिम मतदाता सूची जिला चुनाव अधिकारी के कार्यालय से देखी जा सकती है। हालांकि, आयोग ने साफ किया है कि सूची तुरंत सभी मतदान पर उपलब्ध नहीं होगी। मतदाता रविवार से बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की मदद से मतदान केन्द्र पर सूची देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए भी अपने नाम सत्यापित कर सकते हैं।

आयोग के सूत्रों ने कहा कि मसौदा सूची में शामिल सभी नाम प्रकाशित कर दिए गए हैं, हालांकि सभी को पात्र मतदाता के तौर पर चिन्हित नहीं किया गया है। लिस्ट में हर मतदाता की मौजूदा स्थिति को दिखाया गया है और जिन नामों को सत्यापित किया गया है, उन्हें पात्र चिन्हित किया गया है, जिनका सत्यापन लंबित है, उन्हें जांच के दायरे में चिन्हित किया गया है। मसौदे के प्रकाशन के बाद शिकायतों के बाद हटाए गए नामों को हटाया हुआ चिन्हित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित