पटना , अप्रैल 27 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पश्चिम बंगाल के अपने दो दिवसीय दौरे के बाद कहा कि वहां विधान सभा चुनाव के क्रम आयोजित जन सभाओं तथा जनसंपर्क अभियान के दौरान मतदाताओं का एकतरफा रुझान भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में दिखाई दे रहा है।

श्री कुमार ने कहा कि यह रुझान केवल चुनावी आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के विश्वास, विकास की आकांक्षा और सुशासन की अपेक्षा को दर्शाता है।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत का लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतंत्र है, जहाँ जनता सर्वोपरि होती है और वही अंतिम निर्णय करती है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले कुछ वर्षों में विकास, सुशासन और पारदर्शिता के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं, जिसके कारण देशभर में पार्टी को व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ है। इसी आधार पर पश्चिम बंगाल में भी भाजपा ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है।

श्री कुमार ने कहा कि अपने पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने,चौरंगी,उत्तर हावड़ा एवं मध्य हावड़ा के विधान सभा क्षेत्रों में जनसंपर्क किया और उन्हें मालूम हुआ कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है और एक ऐसे शासन की अपेक्षा कर रही है, जो पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित के प्रति समर्पित हो। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के दिलों में विश्वास जीतना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित