नयी दिल्ली , मार्च 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने 111 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी।

पार्टी ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों-उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और कोलकाता-में नए और अनुभवी चेहरों को मौका दिया है। वहीं भाजपा ने अपनी दूसरी सूची में उम्मीदवारों में बदलाव करते हुए अनुसूचित जाति वाली बिष्णुपुर सीट पर अपना उम्मीदवार बदल दिया है। इस सीट पर पहले अग्निश्वर नस्कर उम्मीदवार बनाया गया था उसके बाद अब इस सीट पर विश्वजीत खान को मैदान में उतारा गया।

भाजपा की इस सूची में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है और कई सीटों पर नए चेहरों को मौका मिला है। भाजपा ने अपनी दूसरी सूची में प्रमुख महिला नेताओं को मैदान में उतारकर महिला नेतृत्व पर विशेष जोर दिया है। दूसरी सूची में भाजपा ने 19 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी सूची में संदेशखाली की घटना के बाद चर्चा में आई रेखा पात्रा और अभिनेत्री से नेता बनी रूपा गांगुली के नाम प्रमुख हैं। रेखा पात्रा को हिंगलगंज सीट से और रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण सीट से टिकट दिया गया है।

भाजपा ने दूसरी सूची में सुवेंदु अधिकारी के छोटे भाई दिब्येंदु अधिकारी को एगरा से चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं चोपड़ा से शंकर अधिकारी और टॉलीगंज से पापिया अधिकारी को उम्मीदवार बनाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित