कोलकाता , मार्च 05 -- अचानक हुए एक घटनाक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया और उनके स्थान पर श्री आर एन रवि को राज्य का नया राज्यपाल बनाया जा रहा है। श्री रवि इस समय तमिलनाडु के राज्यपाल हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले इस घटनाक्रम से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
इस फेरबदल के बारे में अभी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गयी है। सूत्रों के मुताबिक श्री बोस इस समय नयी दिल्ली में हैं और उन्होंने राष्ट्रपति को इस्तीफा सौंपा है। उनके इस्तीफे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
मुख्यमंत्री बनर्जी ने श्री बोस के इस्तीफे पर हैरानी जतायी है और कहा है कि उनकी जगह श्री रवि को राज्यपाल बनाया जा रहा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी मुझे सूचित किया है कि आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है।"मुख्यमंत्री ने लिखा, " राज्यपाल श्री सी. वी. आनंद बोस के अचानक इस्तीफे की खबर से मैं स्तब्ध और बेहद चिंतित हूँ। उनके इस्तीफे के पीछे के कारण मुझे इस समय पता नहीं हैं।"मुख्यमंत्री ने कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी मुझे सूचित किया कि श्री आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है। उन्होंने इस संबंध में स्थापित परंपरा के विपरीत मुझसे कभी परामर्श नहीं किया। ऐसी कार्रवाइयां भारत के संविधान की भावना को कमजोर करती हैं और हमारे संघीय ढांचे की नींव पर प्रहार करती हैं।" उन्होंने कहा कि केंद्र को सहकारी-संघवाद के सिद्धांतों का सम्मान करना चाहिए और ऐसे एकतरफा फैसले लेने से बचना चाहिए जो लोकतांत्रिक परंपराओं और राज्यों की गरिमा को नुकसान पहुँचाते हैं।
इस बीच राजभवन के सूत्रों ने बताया कि श्री बोस ने इस्तीफा दे दिया है और वह स्वीकार कर लिया गया है। लेकिन श्री बोस ने अभी तक कोई सार्वजनिक वक्तव्य नहीं दिया है।
श्री बोस 17 नवंबर, 2022 को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल बने थे और उनका कार्यकाल नवंबर 2027 तक था। वह राज्यपाल पद पर रहते हुए राज्य से जुड़े कई मुद्दों पर अक्सर खुलकर बोलते रहे हैं और राज्य सरकार की कई नीतियों की आलोचना की थी। इसके चलते राजभवन और ममता सरकार के बीच कई बार मतभेद खुल कर सामने आये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित