कोलकाता, तीन मई (वार्ता) पश्चिम बंगाल में दो महीने तक चली चुनावी प्रक्रिया के बाद कल यानी सोमवार को होने वाली निर्णायक मतगणना के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली यह मतगणना 293 विधानसभा क्षेत्रों के 2,920 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेगी। आयोग ने शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।

यह पूरी चुनावी कवायद निर्वाचन आयोग की देखरेख में संचालित की जा रही है। आयोग ने राज्य भर में पहले घोषित 87 केंद्रों के स्थान पर अब 77 मतगणना केंद्र बनाए हैं। कोलकाता की 11 विधानसभा सीटों के लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं, जबकि राज्य के सबसे बड़े जिले उत्तर 24 परगना की 33 सीटों के लिए सात केंद्रों पर गिनती होगी। पारदर्शिता के लिए आयोग ने 432 मतगणना पर्यवेक्षक और 165 अतिरिक्त पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। साथ ही, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक पुलिस पर्यवेक्षक सहित कुल 77 पुलिस पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित