रायपुर , मई 04 -- पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली ऐतिहासिक सफलता पर छत्तीसगढ़ भाजपा में उत्साह का माहौल है।

राजधानी रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर एवं एकात्म परिसर में आतिशबाजी कर कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ खुशी साझा की और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकासवाद और राष्ट्रवाद की जीत बताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा, ''पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा एवं राजग की ऐतिहासिक जीत ''नए भारत'' के संकल्प की विजय है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकासवाद की जीत है। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार का गठन राज्य के इतिहास में एक नया अध्याय है। यह जीत डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को बंगाल की जनता की ओर से सच्ची श्रद्धांजलि है। असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा पर भरोसा जताकर यह साबित कर दिया है कि उत्तर-पूर्व अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है, वहीं पुडुचेरी में शानदार प्रदर्शन सेवा और समर्पण की जीत है।''उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, ''यह विकास और राष्ट्रवाद की जीत है। पश्चिम बंगाल में भाजपा पहली बार स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर अग्रसर है, जो ऐतिहासिक जनादेश है। असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी यह दर्शाती है कि पूर्वोत्तर में शांति और विकास की राजनीति ने विभाजनकारी ताकतों को समाप्त कर दिया है। पुडुचेरी में राजग का प्रदर्शन ''सबका साथ, सबका विकास'' की स्वीकृति है।''उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, ''यह जीत तुष्टीकरण और अराजकता के विरुद्ध राष्ट्रवाद और सुशासन की विजय है। बंगाल से लेकर पूर्वोत्तर तक जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि देश की प्रगति भाजपा के नेतृत्व में ही सुरक्षित है। यह परिणाम भारतीय राजनीति पर दूरगामी प्रभाव डालेंगे।''भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने कहा, ''पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार का गठन तुष्टीकरण की राजनीति के अंत और विकासवाद की शुरुआत है। यह जीत लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम है। असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी सुशासन की जीत है, वहीं पुडुचेरी में शानदार प्रदर्शन दक्षिण भारत में बढ़ते प्रभाव का प्रतीक है।''राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने कहा, ''इन चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि सुदूर पूर्व और दक्षिण-पूर्व क्षेत्रों में अब राष्ट्रवादी राजनीति मुख्यधारा का हिस्सा बन चुकी है। जनता ने विकास विरोधी ताकतों को नकार कर डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताया है।''प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा, ''भाजपा/एनडीए की यह क्रांतिकारी जीत भारतीय राजनीति में विचारधारात्मक वर्चस्व के नए युग की परिचायक है। पश्चिम बंगाल की जनता ने तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को नकार कर ''सोनार बांग्ला'' के संकल्प को चुना है। असम में डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व पर जनता ने पुनः विश्वास जताया है।''मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा, ''इन चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया है कि जनता अब झूठ और भ्रम की राजनीति को नकार कर काम की राजनीति को स्वीकार कर रही है। बंगाल में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है।''इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में हजारों कार्यकर्ताओं ने ''भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद'' के नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश देश में विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की राजनीति को और मजबूत करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित