बेतिया, जनवरी 25 -- पश्चिम चम्पारण जिले में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह के दौरान 'माई इंडिया, माई वोट, मैं भारत हूँ' थीम गुंजायमान होता रहा।
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आज समाहरणालय सभाकक्ष में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी तरणजोत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से निर्धारित थीम "माई इंडिया, माई वोट" के तहत लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वीप ऑडियो-वीडियो एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के संदेश के प्रसारण से हुई। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां प्रत्येक नागरिक का वोट अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1950 में 25 जनवरी को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी तथा वर्ष 2011 से इस तिथि को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल संचालन हेतु 20 कोषांगों का गठन किया गया था। जिले के 9 विधानसभा क्षेत्रों में 3156 मतदान केंद्रों पर 12624 मतदान कर्मियों ने निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराया। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव 2025 में जहां मतदान प्रतिशत 60.59% था, वहीं इस वर्ष यह बढ़कर 72.03% हो गया है, जो मतदाताओं की बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी मतदाताओं एवं 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट सुविधा, ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण, वोटर हेल्पलाइन एप एवं डिजिटल वोटर आईडी कार्ड जैसी सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही, जिला वासियों से अपील की कि आगामी चुनावों में बढ़-चढ़कर मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मतदान की अहम भूमिका है। अपर समाहर्ता राजीव कुमार सिंह ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा एवं निष्पक्ष मतदान हेतु शपथ दिलायी। विशेष गहन पुनरीक्षण एवं विधानसभा चुनाव के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, बीएलओ, डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित