बेतिया, मई 11 -- बिहार में पश्चिम चम्पारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि लौरिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या पांच स्थित नया बस्ती में अंजली देवी का शव उसके घर से बरामद किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है।अंजली का मायका बेतिया नगर थाना क्षेत्र के शिक्षक नगर वार्ड संख्या 20 में है। उसके पिता का नाम बैरिस्टर दास बताया गया है।
परिजनों के अनुसार सोमवार दोपहर अंजली का अपने दयादिन से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में मायके पक्ष को सूचना दी गई। जब परिजन पहुंचे तो अंजली मृत अवस्था में मिली। मृतका के माता-पिता ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद घर के कुछ सदस्य फरार बताए जा रहे हैं। वहीं मृतका का पति करण किराना दुकान चलाता है और घटना के समय वह दुकान पर मौजूद था।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष से प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित