बेतिया , अप्रैल 17 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र में संत जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल के बाथरुम में हुए भयंकर विस्फोट की आवाज से आसपास के मुहल्ले में दहशत फैल गया।

घटना शुक्रवार की सुबह उस समय हुयी जब स्कूल में तीसरी घंटी की पढ़ाई चल रही थी। जोरदार आवाज से विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे भी दहशत में आ गये।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ( एसडीपीओ) विवेक दीप ने बताया कि डायल 112 पर फोन कर किसी व्यक्ति ने विस्फोट की सूचना दी थी। सूचना के आधार पर पुलिस तथा विधि विज्ञान प्रयोग शाला की टीम विद्यालय में जांच करने गयी थी।

श्री दीप ने कहा कि विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम में शामिल विशेषज्ञ के अनुसार यह पटाखे का विस्फोट नही था। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह विस्फोट आठवीं कक्षा के एक छात्र ने किया है,जिसे मामूली जख्म होने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन ने विस्फोट की सूचना पुलिस को नही दी थी।

बच्चे जब छुट्टी के वक्त विद्यालय से निकले तब उन्होंने अपने परिजनों को इस घटना की सूचना दी और उन्ही में से किसी ने पुलिस को कॉल कर इसके बार में बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित