बेतिया , अप्रैल 24 -- िहार के पश्चिम चंपारण जिले केलौरिया थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, तथा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि लौरिया-बेतिया मुख्य पथ पर राष्ट्रीय उच्चपथ संख्या 727 स्थित मठिया मंगुराहा चौक के समीप गुरुवार की देर रात सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान योगापट्टी थाना क्षेत्र के छोटा चौमुखा गांव निवासी कुंदन कुमार (26) और प्रिंस कुमार (13) के रूप में की गयी है।वहीं, हादसे में घायल विवेक मांझी को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर लाकड़ सिसई गांव से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात मठिया मंगुराहा चौक के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया गया है तथा अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित