मुंबई , मार्च 04 -- पश्चिम एशिया में गत 28 मार्च से जारी संकट के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बड़ी गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक करीब डेढ़ फीसदी टूट गये।

बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,122.66 अंक (1.40 प्रतिशत) टूटकर 79,116.19 अंक पर बंद हुआ जो 25 अप्रैल 2025 के बाद का निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 385.20 अंक यानी 1.55 प्रतिशत लुढ़ककर 29 अगस्त 2025 के बाद के निचले स्तर 24,480.50 अंक पर रहा।

दोनों सूचकांक सुबह के कारोबार में दो प्रतिशत की गिरावट में थे।

शेयर बाजारों में यह लगातार तीसरी बड़ी गिरावट है। तीन कारोबारी दिवस में सेंसेक्स करीब 3,132 अंक नीचे आ चुका है।

रुपये में भी आज बड़ी गिरावट देखी गयी। फिलहाल यह 55.75 पैसे टूटकर 92.05 रुपये प्रति डॉलर पर है।

मझौली और छोटी कंपनियों पर अधिक दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.95 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.11 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

शेयर बाजार में उथल-पुथल की संभावना का इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 23 के पार पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 17.10 रहा था।

आईटी को छोड़कर सभी सेक्टर दबाव में रहे। एनएसई में सार्वजनिक बैंक, धातु, मीडिया और तेल एवं गैस, समूहों के सूचकांक तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट में रहे थे। ऑटो, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और वित्त सेक्टरों के सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा गिर गये। अन्य सभी सूचकांकों में भी एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही। एनएसई में कुल 3,337 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,577 के शेयर गिरावट में और 673 के बढ़त में रहे जबकि 87 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर 6.76 प्रतिशत लुढ़क गया। एलएंडटी में 4.53 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 3.36, अल्ट्राटेक सीमेंट में 3.28 और एनटीपीसी में 3.07 प्रतिशत की गिरावट रही।

इंडिगो का शेयर 2.85 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व का 2.82, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.46, अडानी पोर्ट्स का 2.45, कोटक महिंद्रा बैंक का 2.37, ट्रेंट का 2.36 और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.12 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

पावरग्रिड का शेयर 1.69 प्रतिशत, एक्सिस बैंक का 1.61, मारुति सुजुकी का 1.59, बीईएल का 1.55, एचडीएफसी बैंक का 1.51, टाइटन का 1.40 और भारतीय स्टेट बैंक का 1.25 प्रतिशत की गिरावट टूट गया। टीसीएस में 0.99 प्रतिशत, इटरनल में 0.97, एशियन पेंट्स में 0.95, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.94, आईटीसी में 0.89, आईसीआईसीआई बैंक में 0.71 और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 0.49 प्रतिशत की गिरावट रही।एयरटेल में 1.78 फीसदी की तेजी रही। इंफोसिस का शेयर 1.50 प्रतिशत और टेक महिंद्रा का 0.44 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 3.61 फीसदी, हांगकांग का हैंग सेंग 2.01 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.98 प्रतिशत नीचे रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स एक प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.43 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित