नयी दिल्ली , फरवरी 28 -- पश्चिम एशिया में बने नये सैन्य संकट के बीच विमान सेवा कंपनियों ने बिना शुल्क टिकट रद्द कराने की सुविधा देने की पेशकश की है।

एयर इंडिया समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शनिवार को कहा कि खाड़ी क्षेत्र में बनी नयी भू-राजनीतिक स्थितियों के बीच यात्री 05 मार्च तक की यात्रा के लिए बुक कराये गये टिकट को निःशुल्क रद्द कर सकते हैं या उनकी तारीखों में परिवर्तन करवा सकते हैं। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा, हालांकि किराये में जो भी अंतर होगा उसका भुगतान यात्रियों को करना होगा।

इसी प्रकार नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर ने भी 07 मार्च तक के टिकट रद्द करने या तारीख में बदलाव करने पर कोई शुल्क न लेने की घोषणा की है। उसने कहा है कि यह ऑफर अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद की उसकी उड़ानों के लिए पहले से बुक कराये गये टिकटों पर लागू होगा।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजरायल द्वारा एक संयुक्त सैन्य कार्रवाई के तहत शनिवार सुबह ईरान पर किये गये हमले के बाद पश्चिम एशिया में स्थिति नाजुक हो गई है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल और अमेरिकी सैन्य अड्डों वाले विभिन्न पश्चिमी एशियाई देशों पर हमले किए हैं।

इसके बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक परामर्श जारी कर विमान सेवा कंपनियों को 11 पश्चिम एशियाई देशों के ऊपर से उड़ान भरने से बचने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित