नयी दिल्ली , मार्च 02 -- पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण सोमवार को भारत की 357 उड़ानें रद्द रहीं।
नागरिक उड्ड्यन मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया, "जारी हालातों के मद्देनजर आज के परिचालन के लिए नियोजित 357 उड़ानें रद्द की गयीं।"पोस्ट में कहा गया है कि मंत्रालय में स्थापित यात्री सहायता नियंत्रण कक्ष के जरिये यात्रियों की शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। विमान सेवा कंपनियों और सभी हितधारकों के साथ संयोजन से इस दौरान एयरसेवा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों और हेल्पलाइन पर प्राप्त 559 शिकायतों का समाधान किया गया है।
इससे पहले इंडिगो ने आज 162 उड़ानें रद्द करने की सूचना दी थी। उसने मंगलवार को भी 47 उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है।
एयर इंडिया ने भी संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजरायल और कतर को जाने वाली और वहां से आने वाली उसकी सभी उड़ानें आज रात 11:59 बजे तक के लिए रद्द कर दी हैं। एयरलाइंस ने बताया है कि 02 मार्च को उत्तरी अमेरिका और यूरोप की उसकी सिर्फ छह उड़ानें रद्द रहीं।
दिल्ली हवाई अड्डे पर आज यहां से जाने वाली 37 और यहां आने वाली 50 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें हवाई क्षेत्र से संबंधित प्रतिबंधों के कारण रद्द रही हैं।
पश्चिम एशिया संकट के कारण स्पाइसजेट की आज 17 उड़ानें (सात प्रस्थान, 10 आगमन) रद्द रही हैं। उसने 01 मार्च को 24 उड़ानें रद्द की थीं जबकि 03 मार्च को दो उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है। अकासा एयर ने 03 मार्च तक अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद की अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की अपनी सभी उड़ाने सोमवार आधी रात तक के लिए रद्द करने की सूचना दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित