नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण इस साल एयर कंडीशनर (एसी) के कारोबार में सुस्ती देखी जा सकती है।

एयर कूलर, एयर कंडीशनर और रेफ्रीजरेटर बनाने वाली कंपनी ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन ने यहां मंगलवार को कंपनी के विभिन्न उत्पादों को पेश करने के मौके पर संवाददाताओं के प्रश्नों के उत्तर में कहा कि निश्चित रूप से ईरान युद्ध का असर एसी के कारोबार पर भी दिख सकता है। उन्होंने कहा कि इस युद्ध के कारण ग्राहक धारणा प्रभावित हुई है। कच्चे माल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। तांबे और इस्पात के दाम बढ़े हैं और प्लास्टिक में भी तेजी देखी जा रही है। इन सभी कारकों से आने वाले समय में भारत में भी एसी का कारोबार प्रभावित होगा।

कंपनी ने ऊर्जा दक्षता ब्यूरो के नये स्टार मानक लागू होने के बाद आज नये मानकों पर अपने 125 उत्पादों को बाजार में पेश किया। श्री त्यागराजन ने बताया कि घरेलू एसी बाजार में अगले पांच साल में 19 प्रतिशत की औसत दर से वृद्धि की संभावना है और साल 2030 तक कारोबार दुगुना होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि आज युद्ध समाप्त हो गया तो सबकुछ ठीक हो जायेगा। दूसरी कॅमोडिटी के दाम बढ़ सकते हैं, बेरोजगारी बढ़ सकती है जिसका असर बाजार पर दिखेगा। विशेष रूप से बिक्री में सबसे ज्यादा योगदान देना वाला मध्यम वर्ग और पहली बार एसी खरीदने वाले ग्राहक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल बिक्री कैसी रहेगी यह ईरान युद्ध के साथ गर्मी कैसी रहती है, इस पर भी निर्भर करेगा।

श्री त्यागराजन ने बताया कि पश्चिम एशिया से प्रवासी भारतीयों द्वारा स्वदेश भेजे जाने वाले धन में कमी का असर केरल में स्पष्ट दिखना शुरू हो गया है।

उन्होंने बताया कि कंपनी की बाजार हिस्सेदारी फिलहाल 14 प्रतिशत से कुछ कम है और उसका लक्ष्य इस साल 15 प्रतिशत पर पहुंचना है। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में पूंजीगत निवेश की कोई योजना नहीं बनायी है, हालांकि उसने अनुसंधान एवं विकास के लिए 40 करोड़ रुपये और विपणन एवं विज्ञापन के लिए 60 करोड़ रुपये का बजट तय किया है।

ब्लू स्टार के उपाध्यक्ष (विपणन) गिरीश हिंगोरानी ने बताया कि कंपनी ने विभिन्न स्थानों, मौसम और ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से चार तरह के प्रीमियम एसी पेश किये हैं। सुपर एनर्जी एफिसिएंट एसी उनके लिए है जो लंबे समय तक एसी चलाते हैं। एसी तापमान के हिसाब से खुद टनेज कम कर ऊर्जा बचाता है। हैवी ड्यूटी एसी 43 डिग्री सेल्सियस तापमान पर भी 100 प्रतिशत दक्षता के साथ काम करता है। यह 56 डिग्री सेल्सियस तक पूरी कूलिंग देने में सक्षम है।

दिल्ली-एनसीआर और दूसरे ऐसे शहरों के लिए जहां प्रदूषण की समस्या अधिक है, एंटी वायरस एसी पेश किया गया है जो हेपा फिल्टर से लैस है। जाड़े में भी फैन मोड में इसका इस्तेमाल कर घर के अंदर की हवा को स्वच्छ बनाया जा सकता है। हॉट एंड कोल्ड एसी को जाड़े में हीटर की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यह सामान्य रूम हीटर की तुलना में एक-तिहाई बिजली की खपत करता है।

कंपनी ने अपना स्मार्ट एसी आईकोनिया भी पेश किया जो स्मार्ट वाईफाई, एआई प्रो प्लस और एंटी वायरस हेपा फिल्टर के साथ बाजार में उतारा गया है। इसमें कंज्यूमर अपना प्रोफाइल बनाकर 12 घंटे के लिए तापमान नियंत्रण का प्रोग्राम तय कर सकता है। एक मोबाइल ऐप से इसे कहीं दूर से भी नियंत्रित किया जा सकता है। इसमें डिफ्रोस्ट और सेल्फ क्लीनिंग टेक्नोलॉजी है जिसके जरिये इसे 35 मिनट में साफ किया जा सकता है।

कंपनी इस साल कीमतों में औसतन पांच प्रतिशत की वृद्धि की है। श्री त्यागराजन ने बताया कि लागत में वृद्धि को देखते हुए आठ प्रतिशत और वृद्धि की जानी है, लेकिन उसके लिए कंपनी इंतजार करेगी और देखेगी कि इस साल गर्मी कैसी रहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित