नयी दिल्ली , मार्च 25 -- एयर इंडिया समूह और इंडिगो ने गुरुवार के लिए भारत और पश्चिम एशिया के बीच कुल 62 उड़ानों की घोषणा की है।

एयर इंडिया ने बुधवार को बताया कि वह अपनी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ 26 मार्च को कुल 32 नियमित तथा विशेष उड़ानों का परिचालन करेगी। इनमें 20 नियमित और 12 विशेष उड़ानें (आने-जाने की मिलाकर) होंगी।

एयर इंडिया सऊदी अरब के जेद्दा से दिल्ली के लिए एक और मुंबई के दो नियमित उड़ानों का परिचालन करेगी। सऊदी अरब के ही रियाद से दिल्ली और मुंबई के लिए उसकी एक-एक उड़ान होगी।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा से हैदराबाद और कोझिकोड़ के लिए एक-एक और रियाद से कोझिकोड़ के लिए एक नियमित उड़ान की घोषणा की है। ओमान की राजधानी मस्कट से दिल्ली और मुंबई के लिए उसकी एक-एक उड़ान उपलब्ध होगी।

एयर इंडिया की एक मात्र विशेष उड़ान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई से दिल्ली के लिए होगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की विशेष उड़ानें यूएई के ही अबु धाबी से दिल्ली के लिए, शारजाह से मेंगलुरु के लिए और दुबई से दिल्ली के लिए उपलब्ध होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित