नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के कई इलाकों में घने कोहरे की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री के आस-पास सेल्सियस रहने का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार, सोमवार से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। 19 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 23 जनवरी तक कुछ इलाकों में भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इस मौसम प्रणाली का असर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार तक महसूस किया जा सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में घना कोहरा बना रहेगा। हालांकि शीतलहर की तीव्रता में कुछ कमी आई है, लेकिन ठंड पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी संभव है, फिर भी सर्दी का असर बरकरार रहेगा।
19 से 22 जनवरी के बीच दिल्ली के तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और देर रात घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसे देखते हुए आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित