बेतिया , मार्च 30 -- बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर सोमवार को एडीएम सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा के नेतृत्व में शहर के स्टेशन चौक स्थित एक बड़े होटल मे छापेमारी के दौरान विभिन्न गैस कंपनियों के कुल 79 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद कर जब्त किए गए।
जिला प्रशासन ने इस छापेमारी के दौरान होटल संचालक से गैस कनेक्शन, भारी संख्या में भंडारण संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक अनुमतियां प्रस्तुत करने को कहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा तक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर होटल संचालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम ने बताया कि जब्त किए गए सभी सिलेंडर पुलिस को सुपुर्द कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई में सदर एसडीएम विकास कुमार, नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार, एमओ स्वाति उपाध्याय सहित पुलिस पदाधिकारी, जवान और क्यूआरटी टीम की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित