बेतिया , फरवरी 27 -- गंडक नदी के कटाव से प्रभावित सिसवा मंगलपुर एवं आसपास के तटवर्ती गांवों को राहत देने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग के जल निस्सरण प्रमंडल की ओर से 2.55 करोड़ रुपये की लागत से कटाव निरोधी कार्य कराया जाएगा।

इसके लिए विभाग ने निविदा जारी कर दी है।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह कार्य सिसवा मंगलपुर गांव के समीप गंडक नदी के बाएं तट पर किया जाएगा। बरसात और बाढ़ के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में कटाव की समस्या गंभीर हो जाती है, जिससे किसानों की उपजाऊ भूमि एवं रिहायशी मकानों पर खतरा उत्पन्न हो जाता है।

लौरिया विधायक विनय बिहारी ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे। प्रस्तावित एंटी-इरोजन कार्य के तहत तटबंध की मजबूती, पिचिंग, बोल्डर क्रेटिंग सहित अन्य संरचनात्मक उपाय किए जाएंगे, जिससे नदी के बहाव को नियंत्रित कर तट को सुरक्षित किया जा सके।उन्होंने कहा कि योजना के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन से न केवल कृषि भूमि का संरक्षण होगा, बल्कि तटवर्ती गांवों के जनजीवन एवं आवागमन को भी सुरक्षा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित