बेतिया, दिसम्बर 30 -- बिहार के पश्चिमी चम्पारण में ऑपरेशन मुस्कान के तहत बेतिया पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम या चोरी हुए 52 मोबाइल फोन बरामद कर मंगलवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. शौर्य सुमन ने आज अपने कार्यालय में चोरी के बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे दिए।
एसएसपी ने बताया कि इस माह बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। चुनावी कारणों से कुछ महीनों तक मोबाइल लौटाने में देरी हुई थी। इससे पहले ऑपरेशन मुस्कान के तहत 365 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 52.30 लाख रुपये है, उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम या चोरी होने की शिकायत मिलते ही पुलिस आधुनिक तकनीक की मदद से खोज शुरू कर देती है। उन्होंने बताया कि गुमशुदा मोबाइल खोजने के लिए पुलिस ने एक वेबसाइट भी लॉन्च की है, जहां लोग आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित