बेतिया , मई 5 -- बिहार में पश्चिमी चम्पारण के बेतिया नगर थाना क्षेत्र के कमलनाथनगर में मंगलवार को एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका की पहचान सरिता शर्मा के रूप में की गई है, जो चनपटिया थाना क्षेत्र के पुरैना गोसाई गांव निवासी वर्मा शर्मा की पुत्री थी। वह पिछले करीब दो वर्षों से कमलनाथनगर में बब्लू कुशवाहा के घर में रहकर होम ट्यूशन का कार्य कर रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर लगभग तीन बजे पड़ोस की एक लड़की जब सरिता के कमरे पर पहुंची और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर सरिता का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित