बेतिया,01फरवरी(वार्ता) बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बेतिया पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए गंभीर मामलों में वांछित कुल 30 अपराधियों पर 10 से 25 हजार रुपये तक के इनाम की घोषणा की है।

पुलिस ने अपनी सूची में ऐसे अपराधियों को शामिल किया है, जिन पर हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। ऐसे वांछित कुल 30 अपराधियों की सूची बनाई गई है और उनके उपर 10 से 25 हजार रुपये तक के इनाम की घोषणा की गई है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को सूची में शामिल अपराधियों के संबंध में कोई जानकारी हो, तो वह पुलिस को तुरंत सूचित करें।

इस संबंध में बेतिया के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ शौर्य सुमन ने बताया कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी से जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। इसके लिए मोबाइल नंबर 9031826977 परसीधे संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से ऐसे अपराधी बच नही पाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित