बेतिया , मार्च 03 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले की मझौलिया थाना की पुलिस ने साइबर अपराध के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन स्थानीय युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विवेक दीप ने मंगलवार को बताया कि सूचना के आधार पर मझौलिया चीनी मिल गेट के निकट भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के समीप छापेमारी की गयी। वहां तीन संदिग्ध व्यक्ति एटीएम के पास खड़े दिखे, जो पुलिस वाहन देखते ही भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें धर दबोचा। पकड़े गए लोगों की पहचान जौकटिया वार्ड नंबर 05 निवासी असफाक आलम,सरफराज आलम एवं अरवाज आलम उर्फ रेयाजूल अली के रूप में हुई। उनके मोबाइल फोन की जांच में विभिन्न विदेशी नंबरों से संदिग्ध कॉलिंग और चैटिंग के सबूत मिले, जो साइबर अपराधियों से उनके गहरे संबंध दर्शाते हैं।
श्री दीप ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से तीन मोबाइल फोन और दो एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार लोग म्युल अकाउंट्स के जरिये ठगी किये करते थे। उनके विरूद्ध मझौलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित