बेतिया , मार्च 10 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड के भैंसही रिफ्यूजी प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को चापाकल का पानी पीने से 12 बच्चे अचानक बीमार हो गए।
सभी बच्चों को पहले भैंसही अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें जीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
इस मामले में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि विद्यालय खुलने के बाद चार-पांच बच्चों ने परिसर में लगे चापाकल का पानी पिया। इसके कुछ देर बाद उन्हें उल्टी, पेट दर्द और चक्कर की शिकायत होने लगी। बाद में कुछ अन्य बच्चों ने भी वही पानी पी लिया, जिससे कुल 12 बच्चे बीमार हो गए। उन्होंने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और एहतियातन बेहतर इलाज के लिए उन्हें एम्बुलेंस से जीएमसीएच भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित