बेतिया, फरवरी 05 -- बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया नगर स्थितऐतिहासिक सागर पोखरा मंदिर परिसर में आगामी 15 फरवरी को आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि मेला को लेकर प्रशासन और मेला आयोजन समिति की संयुक्त बैठक गुरूवार को आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने की, जबकि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विवेक दीप सहित आयोजन समिति के सदस्य अमीत गिरी, राहुल कुमार, राजकुमार, एम. एनाम एवं अन्य उपस्थित रहे।बैठक में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक मंथन हुआ।
अनुमंडल पदाधिकारी विकास गिरी ने कहा कि सागर पोखरा का महाशिवरात्रि मेला क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसे शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।उन्होंने आयोजन समिति को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे भीड़ नियंत्रण में किसी प्रकार की समस्या न हो। इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
एसडीपीओ विवेक दीप ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि मेला के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सघन गश्त, सीसीटीवी निगरानी तथा यातायात नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
मेला आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि पूर्व के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार बेहतर समन्वय के साथ आयोजन किया जाएगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवभक्तों के लिए पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है। बैठक के बाद अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर सहमति जताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित