बेतिया, मार्च 07 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव में एक नाबालिग प्रेमी युगल ने पेड़ में बंधे फंदे से लटक कर आत्महत्या कर लिया है।

दोनों नाबालिग बच्चे एक ही दुपट्टे से बंधे हुए पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने सामूहिक आत्महत्या की है। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय सहाबुन निशा और 17 वर्षीय शेख सैदुल्लाह के रूप में हुई है। दोनों सिरिसिया गांव के ही निवासी थे।

यह घटना गांव से पश्चिम सुबा यादव के बगीचे में आम के पेड़ से लटक कर हुई, जहां शनिवार सुबह दोनों मृत पाए गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

इस घटना की सूचना मिलते ही सिकटा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य, नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर राजीव कुमार सहित पुलिस की टीम मौके पहुंची । एफएसएल टीम के सीनियर साइंटिस्ट सुमन कुमार के नेतृत्व में फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ अन्य संभावनाओं की भी तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित